वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कथा कराने वाले हनुमानजी महाराज, न कोई आयोजन समिति न कोई प्रायोजक-काठियाबाबा

5 Views

भीलवाड़ा, 5 नवम्बर। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 11 से 17 नवम्बर तक छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम पर महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में होने वाले श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजन के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसमें व्यास पीठ से प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराएंगे। कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने गुरूवार को आश्रम परिसर में पत्रकार वार्ता में बताया कि ये कथा हनुमानजी महाराज के लिए उनके द्वारा ही हो रही है वह तो निमित मात्र है। इस कथा को कराने के लिए न तो कोई आयोजन समिति का विधिवत गठन हुआ है ओर न ही कोई संगठन या संस्था प्रायोजक के रूप में है। समस्त भीलवाड़ावासियों एवं छोटी हरणी ग्रामवासियों के सहयोग से इस कथा का आयोजन हो रहा है ओर ये सर्व समाज के लिए है ओर सभी का सहयोग ही इस आयोजन को सफल बनाएगा। आयोजन का लाभ भीलवाड़ा अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को मिले इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि श्रीमद भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व 11 नवम्बर को सुबह 9.15 बजे दादीधाम से हनुमान टेकरी तक श्रद्धा एवं आस्था के साथ विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ो महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चलेगी। कथा के लिए मंदिर क्षेत्र में विशाल डोमयुक्त पांडाल का निर्माण किया जा रहा है। इस पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी एवं कथा से जुड़े सभी जरूरी प्रबंध किए जाएंगे। कथा स्थल के बाहर एवं मुख्य मार्ग पर स्वागत द्वार लगाने के साथ विशेष सजावट की जा रही है।

कथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए है। इनमें कलश यात्रा प्रभारी रेखाकंवर झाला, प्रेमलता शर्मा एवं मंजू पोखरना होंगे। शोभायात्रा प्रभारी मनोज सोनी, निखिल अग्रवाल, गोवर्धनलाल वैष्णव, प्रिंस सिसोदिया होंगे। पांडाल व्यवस्था का दायित्व अंकित सोमानी एवं हर्ष राठी को सौंपा गया है। मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ होंगे। भोजन व्यवस्था समस्त छोटी हरणी ग्रामवासी संभालेंगे।

सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का वाचन होगा। पहले दिन 11 नवम्बर को व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य, व्यास नारद संवाद, कुंती स्तुति प्रसंग का वाचन होगा। इसके तहत दूसरे दिन 12 नवम्बर को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र एवं धु्रव चरित्र, 13 नवम्बर को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार, वामन अवतार प्रसंग, 14 नवम्बर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 15 नवम्बर को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग, 16 नवम्बर को उदव चरित्र, रूक्मणी मंगल, रास पंचाध्यायी प्रसंग एवं 17 नवम्बर को समापन दिवस पर द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वाचन एवं व्यास पूजन पूर्णाहुति होगी।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें