वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कथा विराम, सेवा प्रारंभ: सैकड़ों हाथों ने मिलकर दिया स्वच्छता का संदेश

14 Views

भीलवाड़ा, 16 अप्रेल। सामान्यतया कोई बड़ा कार्यक्रम होने से पहले मैदान की साफ सफाई के लिए श्रमदान तो किया जाता है लेकिन कार्य समाप्ति के बाद भी कार्यकर्ता उस जगह को पुनः स्वच्छ बनाने को सरकारी तंत्र की बजाय अपनी जिम्मेदारी मान श्रमदान में जुट जाए ये नजारा देखना मुश्किल होता है लेकिन कुछ ऐसा ही दृश्य गुरूवार सुबह भीलवाड़ा में न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड में दिखा। इस ग्राउण्ड में 8 से 14 अप्रेल तक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से श्री शिव महापुराण कथा का एतिहासिक आयोजन संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में हुआ था जिसमें लाखों भक्त शामिल हुए थे। भक्त कथा विराम होते ही अपने घरों के लिए रवाना हो गए ओर मैदान में लगे डोम व पाइप पांडाल टेंट हाउस के कर्मचारी खोल रहे पर लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण मैदान में फैले कूडा करकट को साफ करने के लिए मात्र नगर निगम के भरोसे रहने की बजाय श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष भीलवाड़ा विधायक अशोककुमार कोठारी के नेतृत्व में गुरूवार सुबह सैकड़ो कार्यकर्ता मैदान में पहुंच श्रमदान के माध्यम से सफाई में जुट गए। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के साथ कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरे उत्साह व लगन के साथ मैदान को स्वच्छ बनाने की मुहिम में जुट गए। करीब एक घंटे तक चले श्रमदान के माध्यम से मैदान के एक बड़े क्षेत्र में फैले कचरे को हटाया गया। श्रमदान करने वालों में बुर्जुगों से लेकर मातृशक्ति व युवा तक शामिल थे। मैदान विशाल होने से कोई भी हिस्सा सफाई से नहीं छूटे इसके लिए शुक्रवार व शनिवार को भी सुबह 6.30 से 8 बजे तक आयोजन समिति के तत्वावधान में कार्यकर्ता व शहरवासी श्रमदान करेंगे। किसी कार्यक्रम के बाद आयोजक संस्था द्वारा स्वच्छता व साफ सफाई के श्रमदान की इस अनूठी पहल की वहां से गुजरने वाले शहरवासी भी सराहना करते दिखे। आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक कोठारी ने श्रमदान में सहभागिता निभाने वाले सभी कार्यकर्ताओं को साधुवाद अर्पित करते हुए कहा कि जगह को उपयोग में लेने के बाद साफ सुथरा व स्वच्छ रखना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि मेडिसिटी ग्राउण्ड पर चिकित्सा संस्थान निर्माण का कार्य जब तक शुरू नहीं होता इसका उपयोग खेल मैदान के रूप में हो सके इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।

*भीलवाड़ा में भक्ति का नया इतिहास रचने का श्रेय कार्यकर्ताओं की अथक सेवा को*

श्रमदान के बाद मैदान में ही श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी की अध्यक्षता एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के मार्गदर्शन में मंथन बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं से कथा आयोजन को लेकर फीडबैक लिया गया। विधायक कोठारी ने भीलवाड़ा में भक्ति का नया इतिहास रच देने वाले इस आयोजन की सफलता का श्रेय दिनरात अथक परिश्रम ओर सेवा करने वाली कार्यकर्ताओं की टीम को दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समर्पित सेवा के बल पर ही हम लाखों भक्तों की उपस्थिति वाला ये आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न कर पाए। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सेवाएं देने वाले सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने कहा कि समिति ने जिस कार्यकर्ता को जो दायित्व सौंपा उसे समर्पित भाव से निर्वहन कर इस आयोजन को सफलता के नए शिखर तक पहुंचाने में अहम योगदान किया। बैठक में समिति के देवालाल गुर्जर, सत्यनारायण गुगड, बाबूलाल टांक आदि ने भी विचार व्यक्त किए ओर कहा कि महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य ओर विधायक अशोक कोठारी की अध्यक्षता में टीम भावना से जिस तरह कार्य हुआ वह अनुकरणीय है। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। बैठक में समिति के महासचिव कन्हैयालाल स्वर्णकार, सचिव रामेश्वरलाल ईनाणी, महिला प्रमुख मंजू पोखरना, हनुमानप्रसाद अग्रवाल, रामलाल योगी सहित कई वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी भी मौजूद थे।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें