भीलवाड़ा, 11 नवम्बर। पवित्र भावों के साथ जो भागवत की गंगा में डूबकी लगा ले उसका जीवन सफल हो जाता है। श्रीमद भागवत को जन्म मरण के बंधन को समाप्त कर इस लोक के साथ परलोक को भी सुधारने वाली है। मनुष्य ही है जो भागवत कथा जैसा आयोजन कर सकता है। ये विचार छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम पर महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजन के प्रथम दिन बुधवार को व्यासपीठ से वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने व्यक्त किए। कथा प्रारंभ होने से पूर्व सुबह दादीधाम से हनुमान टेकरी तक भव्य कलश शोभायात्रा भी निकाली गई। पहले दिन श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य, व्यास नारद संवाद, कुंती स्तुति प्रसंग का वाचन का वाचन हुआ। कथावाचक आचार्य शास्त्री ने श्रीमद् भागवत कथा का महत्व समझाते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा सुनने से जीवन धन्य हो जाता है एवं यह परमात्मा की प्राप्ति का माध्यम है। भागवत वक्ता वैरागी एवं श्रोता प्रभु अनुरागी हो तभी भक्ति सरिता प्रवाहित होने का आंनद मिल सकता है। वह सौभाग्यशाली होते है जिन्हें भागवत कथा श्रवण का सुअवसर मिलता है। भागवत मनोरंजन का नहीं मन भंजन का विषय है जिसे श्रवण करने से हरि हमारे अंदर प्रवेश कर जाते है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा के बिना उनके नाम का उच्चारण भी नहीं कर सकते है। कर्म आड़े आने पर कथा श्रवण नहीं कर पाते। भागवत रूपी साबुन हमारे अंतकरण को स्वच्छ कर मन की मलिनता को दूर करता है। सच्चिदानंद रूपी भगवान से रिश्ता जोड़ने के लिए उसके स्वरूप को पहचानना होगा।
शास्त्रीजी ने कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वह गौसेवा का अनुकरणीय कार्य कर रहे है। कृष्ण भक्ति करने वाले गाय से प्रेम करे। गाय को पाल नहीं सकते तो गौशाला में जाकर गाय को गोद ले। जो गोसेवा करता है वहीं गोपाल कहलाता है। उन्होंने कहा कि ये कथा ज्ञान यज्ञ है इसमें तप त्याग की नहीं भाव की आवश्यकता है। ज्ञान यज्ञ के माध्यम से परमात्मा की प्राप्ति हो सकती है। श्रोता का ज्ञानी होना जरूरी है ताकि वह वक्ता के बौद्धिक स्तर का आकलन कर सके। उन्होंने कहा कि सत्संग से बड़ा जीवन में आनंद प्रदाता कोई नहीं है। दुनिया का वैभव मजा दे सकता पर आनंद सत्संग से ही मिलेगा। भक्ति, ज्ञान ओर वैराग्य की प्राप्ति जिसे हो जाए उसका जीवन सफल हो जाता है। जीवन में कितना भी संकट आए पर ईश्वर के प्रति अपनी भक्ति ओर श्रद्धा कभी कम नहीं होने दे।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व सुबह श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आगाज दादीधाम से हनुमान टेकरी तक भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। कलश शोभायात्रा से पूर्व महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में सांगोपांग पंचाग देवी देवताओं का विधिपूर्वक पूजन वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री ने सम्पन्न कराई।
बैण्ड की मधुर स्वरलहरियों के साथ निकाली गई कलश शोभायात्रा में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा व कथा व्यास आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री के साथ कई संत महात्मा शामिल थे। इनमें कई संत महात्मा बग्गियों में विराजित थे। इन संतों में महन्त रामस्नेहीदास आकोला, महंत रामदास महाराज चित्तौड़गढ़, पंचमुखी दरबार के संत परमेश्वरदास महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महन्त संतदास महाराज, वृन्दावन से आए महन्त शालिग्रामदास काठियाबाबा, महंत ब्रजवल्लभशरण काठियाबाबा, महंत कुंजबिहारीशरण काठियाबाबा, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, निलेश महाराज, हनुमान टेकरी मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज महाराज, विष्णु महाराज, किन्नर अखाड़े की प्रिया दीदी आदि शामिल थे। श्रद्धालु छीतरमल लौहार श्रीमद् भागवत कथा की पौथी सिर पर धारण करके चल रहे थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण करके चल रही थी। कई महिला नृत्य करते हुए कलश शोभायात्रा में साथ चल रही थी। कलश यात्रा में तेजसिंह पुरावत, देवीलाल भदाला, रामस्वरूप जाट, रामेश्वरलाल वैष्णव, भगवानसिंह, पार्षद शंकरलाल जाट, मंजू पोखरना, रेखाकंवर झाला, प्रेमलता शर्मा, गोपाल शर्मा, घीसु जाट, बंशीलाल प्रजापत, अंकित सोमानी, रामचन्द्र शास्त्री, गोवर्धन वैष्णव, श्रीकृष्ण देवनारायण गौशाला गलवा रायपुर के गौसेवक भंवरलाल खारोल, इन्द्रमल गुर्जर, शशिकुमार सहित छोटी हरणी एवं भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु एवं भक्तगण शामिल थे। नवदुर्गा अखाड़ा की बालिकाएं शोभायात्रा में शामिल हुई। अखाड़े के प्रकाशचंद, मनोज सोनी, टीनु जैन आदि व्यवस्थाएं संभाल रहे थे।
बैण्ड पर गूंज रही भक्तिपूर्ण स्वरलहरियां भी शोभायात्रा का माहौल धर्ममय बना रही थी। कलश शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गो के सैकड़ो भक्तगण उत्साह के साथ शामिल हुए। कथा के दौरान भक्तिमय भजनों से समुचा कथा पांडाल भक्ति सरोवर में हिलोरे लेता रहा। भजन प्रारंभ होते ही प्रभु भक्ति के भावों से ओतप्रोत श्रद्धालु मंच के समक्ष आकर नृत्य कर आंनद के सागर मे डूबकी लगाते रहे। प्रथम दिन की कथा विश्राम पर व्यास पीठ की आरती भगवानसिंह, श्यामसुंदर सोमानी, छीतरमल लौहार आदि ने की। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर एक से शाम 5 बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में होगा। कथा में दूसरे दिन गुरूवार को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र एवं धु्रव चरित्र प्रसंग का वाचन होगा। हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक के मार्ग पर विशेष सजावट की गई है एवं जगह-जगह स्वागत के बैनर होर्डिंग लगाए गए है।
Author: shiningmarwar
Super

