वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

रूक्मणी विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, कृष्णमय हुआ हनुमान टेकरी धाम, कल होगा भागवत कथा महोत्सव का समापन

44 Views

भीलवाड़ा, 16 नवम्बर। शादी का मंच सजा हुआ था और बाराती कोई साधारण नहीं बल्कि देवी–देवता थे। बारात किसी ओर की नहीं स्वयं द्वारिकाधीश भगवान श्रीकृष्ण की थी। बारात में आज मेरे श्याम की शादी है, आज मेरे भगवान की शादी है जैसे गीत गूंज रहे थे और बाराती जमकर नाच–गान कर रहे थे। ये नजारा छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम पर महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजन के छठे दिन सोमवार को व्यासपीठ से वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा रूक्मणी विवाह प्रसंग के वाचन के दौरान दिखा। छठे दिन उदव चरित्र, रूक्मणी मंगल, रास पंचाध्यायी प्रसंग का वाचन किया गया। इस दौरान कृष्ण–रूक्मणी विवाह की झांकी सजाई गई। प्रतीकात्मक रूप से मंच पर विवाह प्रसंग का नजारा पेश किया। विवाह प्रसंग का वाचन प्रारंभ होते ही पांडाल में मौजूद सैकड़ो भक्तगण हर्षित होकर द्वारिकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजायमान करने लगे। हर तरफ खुशियां छा गई और हर भक्त भगवान कृष्ण की शादी के मंचन का साक्षी बन उल्लासित नजर आया और नाच–गाने के माध्यम से अपनी खुशियां जताने को आतुर दिखा।

आचार्य शास्त्री ने रूक्मणी विवाह प्रसंग का वाचन करते हुए कहा कि रूक्मणी ने देवर्षि नारद से जब श्रीकृष्ण की कथा सुनी थी तभी मन ही मन कृष्ण को अपने पति रूप में चुन लिया था। उनके संदेश पर ही भगवान श्रीकृष्ण मां भगवती के मंदिर में उसे लेने पहुंचे और हर तरह के प्रतिरोध को समाप्त कर रूक्मणी संग द्वारिका पहुंचे तो वहां हर्ष का माहौल बन गया।

रूक्मणी मंगल प्रसंग के लिए कथास्थल पर विशेष सजावट की गई थी। उन्होंने महारास लीला प्रसंग का वाचन करते हुए कहा कि महारास से परमात्मा की प्राप्ति का लक्ष्य पूरा हो रहा है जहां उनमें रम कर उनको आत्मसात किया जा सकता है। इन्द्रियां जिनके इशारे पर चलती है वह उनका स्वामी गोपाल है। गोपाल गोपियों को महारास के लिए आमंत्रित करता है तो वह सब काम छोड़ दौड़ी चली आती है। राधारानी और गोपियों का कृष्ण से प्रेम दैहिक नहीं होकर आत्मिक है। प्रेम हो तो राधा जैसा जिसने आत्मा से प्रेम किया। योगमाया ही राधारानी है। वह प्रेमिका नहीं उपासिका है। राधा को समझने के लिए मानव चक्षु नहीं दिव्य चक्षु चाहिए। गोविन्द ने राधा की उपासना, प्रार्थना व वंदना कर महारास करने का निश्चय किया। दुनियां के सारे रसो का उद्गम स्थल महारास है। महारास में सभी प्रेम के उपासक होकर नृत्य करते है। कृष्ण की भूमिका मनस्वी एवं राधा की भूमिका कुलश्रीकंवर ने निभाई।

श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव में छठे दिन भी कथा शुरू होने से लेकर अंत तक श्रद्धालु संगीतमय भक्तिरस में डूबे रहे। श्रीमद् भागवत कथा के महारास लीला एवं रूक्मणी विवाह प्रसंगों के वाचन के दौरान बीच-बीच में भजनों की गंगा प्रवाहित होती रही। जैसे ही भजन शुरू होता श्रद्धालु अपनी जगह खड़े होकर नृत्य करने लगते। उन्होंने विभिन्न भजन गाए तो पांडाल में सैकड़ो श्रद्धालु नृत्य करने से खुद को नहीं रोक पाए।

छठे दिन की कथा विश्राम पर व्यास पीठ की पूजा एवं आरती करने वाले संत महात्माओं में टीकमगढ़ के महन्त रामदास महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज, महंत बालकदास महाराज, महंत हरिदास, महंत प्रकाशानंद महाराज, महंत लालदास महाराज, संत सरजूदास, संत उपेन्द्रदास, संत दुर्वासादास, संत उमाकांत दास, संत धर्मदास, गोरखनाथ मंदिर पुष्कर के संत गीतानाथ आदि शामिल थे। आरती करने वाले श्रद्धालुओं में पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के अध्यक्ष रमेश सिंधी, पार्षद शंकरलाल जाट, हिमांशु शर्मा, समाजसेवी गजानंद बजाज, एडवोकेट पवन पंवार, कन्हैयालाल स्वर्णकार, विश्वनाथ प्रतापसिंह, चांदमल सोनी, राजेश कुदाल, कमल वैशवानी, वंशप्रतापसिंह राणावत, हर्षवर्धनसिंह चौहान, रामेश्वर त्रिपाठी, जगदीश त्रिपाठी, संदीप त्रिपाठी, कैलाश सर्राफ, अरूणप्रेम तिवाड़ी, कमलकिशोर सिंह, महाराष्ट्र से आए नारायण पाटिल, उरवा पाटिल, दुधडु पाटिल, टीकमगढ़ के बलदेवप्रसाद राय, जमनाप्रसाद यादव, राधोगढ़ के योगेन्द्रसिंह, अमितकुमार, नैणवासा के रणवीरसिंह, विदिशा के भगवानसिंह, शंकरसिंह, समरजीतसिंह, महिला मण्डल की प्रेमलता शर्मा, रेखा कंवर, नेहा शर्मा, नीलम पंसारी, सीमा शर्मा, मंजू कंवर, महिमा शर्मा, शिवानी आमेटा, गौरी शर्मा,प्रेमकंवर,सरोज शर्मा, छवि चौधरी आदि श्रद्धालु शामिल थे। कथाश्रवण करने के लिए छोटी हरणी एवं भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहंुचे थे। सोमवार रात कथा पांडाल में भजन संध्या का भव्य आयोजन रखा गया। इसमें भजन गायक अभि-अनुज पारीक, रिदम तिवारी आदि ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी तो श्रद्धालु झूम उठे। भजनों के माध्यम से परमात्मा की भक्ति की गई। कलाकारों का कथा के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने स्वागत करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के अंतिम दिन मंगलवार को द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वाचन एवं व्यास पूजन पूर्णाहुति होगी। कथा समापन पर मंदिर परिसर में अन्नकूट एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें