वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे प्रभु श्री चारभुजा नाथ, 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव में कल से गूंजेंगे मांगलिक गीत, रुक्मिणी मंगल कथा संग सजेगी महारास की शाम

61 Views

भीलवाड़ा, 16 नवम्बर। धर्मनगरी भीलवाड़ा 20 नवम्बर को श्रद्धा भक्ति एवं आस्था का नया इतिहास रचने को तैयार है जब पहली बार राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ श्री तुलसीजी से विवाह करने के लिए बारात लेकर भीलवाड़ा आएंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजनाथ भी बारात लेकर पधारेंगे। इन सभी नौ मंदिरों में मंगल लग्न पत्रिका श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा पहले ही भगवान चारभुजानाथ को समर्पित की जा चुकी है। विवाह महोत्सव के चार दिवसीय मांगलिक आयोजन मंगलवार से प्रारंभ होंगे। महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार दोपहर आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में चार दिवसीय आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पूज्य विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने बताया कि 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव का आयोजन पहली बार हो रहा है। इस आयोजन को लेकर सभी सनातन धर्मावलम्बियों में उत्साह का माहौल है ओर समर्पित भाव से सभी का सहयोग प्राप्त हो रहा है। सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से हो रहे इस आयोजन का संयोजन श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ द्वारा किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के नाम मंगल लग्न पत्रिका परम पूज्य नारायणदासजी एवं उनके सानिध्य में समस्त पुजारी परिवार ने स्वीकार की ओर बताया कि 19 नवम्बर को बारात लेकर भीलवाड़ा पहुचेंगे। बारात का शाम 5 बजे रीको चौराहा स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में भव्य स्वागत किया जाएगा एवं 20 नवम्बर को श्री गढ़बोर चारभुजानाथ तुलसीजी के संग विवाह रचाएंगे।

समिति के मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि महामहोत्सव के आयोजन मंगलवार 17 नवम्बर से प्रारंभ हो जाएंगे। इस दौरान 19 नवम्बर तक प्रतिदिन दोपहर एक से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउण्ड पर रूक्मिणी मंगल कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। ये कथा रूक्मणीजी की द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति, समपर्ण, विश्वास ओर विवाह प्रसंग की कथा है। कथा के मुख्य पौथी यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास वाले होंगे। कथा प्रारंभ होने से पहले सुबह 9.15 बजे रामधाम से कथास्थल तक भव्य मंगल कलश यात्रा का आयोजन होगा।

महोत्सव समिति के संयोजक एसएन गग्गड़ ने बताया कि मंगलवार रात 8 बजे से महारास एवं संगीत संध्या होगी। महारास में पारम्परिक वेशभूषा में सभी सनातनी एवं आयोजन से जुड़े सदस्य जोड़े के साथ भाग ले सकेंगे। महारास में विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा कृष्ण समूह, राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक धूमर, राजपूती ड्रेस में घूमर एवं रास का आयोजन होगा। भीलवाड़ा के ख्यातनाम कलाकारों के भजन एवं गीतों की प्रस्तुति भी इस कार्यक्रम में होगी। विवाह महोत्सव के मांगलिक आयोजनों के तहत 18 नवम्बर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी व मेहंदी मनोरथ का आयोजन होगा। इसी दिन रात 8 बजे भक्ति सुधामृतम का आयोजन होगा। इसी तरह 19 नवम्बर को सुबह 10 बजे से भात मनोरथ का आयोजन होगा। रात 8 बजे से संगीत मधुरम का आयोजन होगा। श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव में पाणिग्रहण संस्कार की रस्मे 20 नवम्बर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह 8.15 बजे रामधाम से प्रारंभ होगी। तोरण की रस्म सुबह 11.15 होगी। दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार होगा। बारात विदाई की रस्म शाम 5 बजे होगी।

उन्होंने बताया कि चार दिवसीय महामहोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई है। तुलसी विवाह कराने के लिए भीलवाड़ा जिले के साथ देश प्रदेश के विभिन्न स्थानों के हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म माता पिता के रूप में पंजीयन कराया है। पत्रकार वार्ता में श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के अध्यक्ष रमेशचन्द्र त्रिपाठी, महोत्सव सेवा समिति के सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन,उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल, समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

*श्रद्धा एवं आस्था के माहौल में बड़ा विनायक की स्थापना*

चार दिवसीय विवाह महामहोत्सव प्रारंभ होने से पहले सोमवार शाम महोत्सव स्थल मेडिसिटी ग्राउण्ड पर श्रद्धा एवं आस्था के साथ बड़ा विनायक की स्थापना की गई। आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में हुए कार्यक्रम के माध्यम से भगवान गणपति की आराधना करते हुए इस आयोजन के सभी कार्यक्रमों को सानंद सम्पन्न कराने के लिए कृपा बरसाने ओर सर्व सुख एवं मंगल की कामना की गई। इस दौरान श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

*तुलसीजी के धर्म माता-पिता के आंगन में गूंजा संगीत*

श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव में पधार रहे अलग-अलग मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ के संग विवाह रचाने वाली तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने वाले श्रद्धालुओं के आंगन में छोटे विनायक की स्थापना के बाद संगीत संध्या के आयोजन हो रहे है। ऐसा ही आयोजन रविवार रात भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथजी के संग विवाह हेतु विराजित होने वाली तुलसीजी के धर्म माता-पिता रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार के आंगन में हुआ। इसमें बड़ी संख्या में परिवारजन ओर श्रद्धालु शामिल हुए ओर संगीत व भजनों के माध्यम से खुशी जाहिर की।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें