वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दूल्हे बने चावंडिया श्याम, शाही ठाठ-बाट से निकली बारात,पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

5 Views

भीलवाड़ा  ( बलराम वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध पक्षी ग्राम चावंडिया में मंगलवार को आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला । यहाँ चावंडिया श्याम ( चारभुजा नाथ ) दूल्हा बनकर शाही ठाठ-बाट के साथ माता तुलसी से शुभ विवाह रचाने के लिए अपने निज मंदिर से रवाना हुए । भगवान की इस भव्य बारात और शोभायात्रा में पूरा गांव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया । ग्रामीण शंकर सिंह सोलंकी ने बताया कि पक्षी ग्राम चावंडिया निवासी गोकुल जाट ने अपने पड़पौत्र प्रद्युम्न के विवाह समारोह के पावन अवसर पर ही भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के शुभ विवाह का पुनीत आयोजन रखा । विवाह की रस्मों के तहत मंगलवार प्रातः 9:15 बजे चारभुजा नाथ मंदिर से भगवान शालिग्राम जी दूल्हे का आकर्षक रूप धारण कर, विशेष रूप से सजाए गए बेवाण और घोड़ी-बग्गी में विराजमान होकर अपनी बारात लेकर निकले । ठाकुर जी की यह शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी । इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पलक-पांवड़े बिछाकर और पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया ।

 

भजन-कीर्तन और तेजा गायन पर झूमे श्रद्धालु

 

बारात में बैंड-बाजा, पारंपरिक मश्क बाजा और डीजे की मधुर धुनों के साथ-साथ भजन, हरि कीर्तन और लोक परंपरा से जुड़े तेजा गायन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान के भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु महिला-पुरुष और युवा नाचते-गाते व जयकारे लगाते हुए बारात में शामिल हुए। इस पावन अवसर पर महंत बालक दास जी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और ठाकुर जी की बारात में शामिल होकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया ।

 

देबी लाल जाट के यहाँ ठहरी बारात, मध्य रात्रि को होंगे फेरे

 

गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के पश्चात भगवान चारभुजा नाथ की बारात देबी लाल जाट के निवास पर पहुंची, जहाँ बारात का ‘जानिवासा’ (ठहराव) रखा गया और बारातियों की आवभगत की गई । धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगलवार मध्य रात्रि को दूल्हे बने भगवान शालिग्राम जी माता तुलसी के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कर सात फेरे लेंगे । पूरे गांव में इस दिव्य विवाह को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है ।।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें

16108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव में उमड़ा आस्था का महासागर, भक्ति के इतिहास में दर्ज हुआ भीलवाड़ा का नाम; हाथी पर सवार होकर तोरण मारने पहुंचे मेवाड़ धणी श्रीगढ़बोर चारभुजानाथ

और पढ़ें