भीलवाड़ा, 20 नवंबर। जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्य के निर्वाचन के लिए मतगणना शुक्रवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार मतगणना के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों ने निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार मतगणना कार्य सम्पन्न करवाया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू ने पंचायती राज संस्थाओं के जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन के लिए मतगणना कार्य में नियुक्त समस्त अधिकारियों, कार्मिकों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में दिए गए योगदान के लिए सभी कार्मिकों की सराहना की।
पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन परिणाम
जिले की 16 पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों की कुल 288 सीटों में से कांग्रेस ने 168 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 108 सीटों पर विजय प्राप्त की। वहीं, 10 सीटों पर निर्दलीय तथा 2 सीटों पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रत्याशी विजयी रहे।
पंचायत समिति वार परिणामों के अनुसार बिजौलियां में कांग्रेस 8 एवं भाजपा 7, जहाजपुर में कांग्रेस 10, भाजपा 5 एवं निर्दलीय 2, खजूरी में कांग्रेस 10 एवं भाजपा 5, कोटड़ी में भाजपा 16 एवं कांग्रेस 11, मांडलगढ़ में कांग्रेस 12, भाजपा 8 एवं निर्दलीय 1, बनेड़ा में कांग्रेस 12 एवं भाजपा 5 तथा करेड़ा में कांग्रेस 12 एवं भाजपा 5 सीटों पर विजयी रही।
इसी प्रकार मांडल में कांग्रेस ने 15 एवं भाजपा ने 6, सुवाणा में कांग्रेस ने 19 एवं भाजपा ने 8, फुलियाकलां में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 4 एवं आरएलपी ने 1, रायपुर में कांग्रेस ने 8, भाजपा ने 6 एवं निर्दलीय ने 1, सहाड़ा में भाजपा ने 10 एवं कांग्रेस ने 9, शाहपुरा में कांग्रेस ने 11 एवं भाजपा ने 4, आसींद में भाजपा ने 9, कांग्रेस ने 4 एवं निर्दलीय ने 2, हुरड़ा में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 4, निर्दलीय ने 2 एवं आरएलपी ने 1 तथा शम्भूगढ़ में कांग्रेस ने 7, भाजपा ने 6 एवं निर्दलीय ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की।
जिला परिषद सदस्य निर्वाचन परिणाम
जिला परिषद सदस्य निर्वाचन के परिणामों में भी कांग्रेस ने 45 सीटों में से 31 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 14 सीटों पर विजयी रहे।
मतगणना स्थल पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी( अतिरिक्त कलक्टर) डॉ. हरीतिमा, अति. जिला कलक्टर शहर श्रीमती प्रतिभा देवठिया, एडिशनल एसपी श्री हेमंत नोगिया सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।
Author: shiningmarwar
Super






