वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

चावंडिया श्याम ने माता तुलसी संग लिए सात फेरे, बुधवार सुबह दुल्हन संग निज धाम लौटे ठाकुर जी

5 Views

भीलवाड़ा  ( बलराम वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध पक्षी ग्राम चावंडिया में मंगलवार मध्यरात्रि को आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला, जब ठाकुर जी ( चावंडिया श्याम ) ने माता तुलसी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए । विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद बुधवार सुबह भगवान शालिग्राम अपनी दुल्हन माता तुलसी को विदा कराकर पुनः अपने निज धाम लौटे । इस अलौकिक आयोजन से पूरा गांव भक्तिमय और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया । ग्रामीण शंकर सिंह सोलंकी ने बताया कि चावंडिया निवासी गोकुल जाट ने अपने पड़पौत्र प्रद्युम्न के विवाह समारोह के पावन अवसर पर भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के शुभ विवाह का यह पुनीत संकल्प लिया । परिवार की इस धार्मिक पहल में समस्त ग्रामवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया ।

गाजे-बाजे के साथ निकली बारात, रात्रि 11:15 बजे हुई तोरण की रस्म

विवाह की रस्मों के तहत चारभुजा नाथ मंदिर से भगवान शालिग्राम जी दूल्हे का आकर्षक और मनमोहक रूप धारण कर बारातियों के साथ विवाह स्थल के लिए रवाना हुए । ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के साथ पहुंची बारात का आयोजक परिवार और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया । मंगलवार मध्यरात्रि ठीक 11:15 बजे शुभ मुहूर्त में तोरण की रस्म अदा की गई ।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ पाणिग्रहण संस्कार

तोरण की रस्म के पश्चात पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया । ठाकुर जी ने माता तुलसी के संग अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए । इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर और जयकारे लगाकर इस दिव्य विवाह का आनंद लिया । विवाह की सभी मांगलिक रस्में पूर्ण होने के बाद बुधवार सुबह भगवान शालिग्राम माता तुलसी के साथ पुनः अपने निज धाम चारभुजा नाथ मंदिर लौटे ।।

shiningmarwar
Author: shiningmarwar

Super

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें