भीलवाड़ा,21 नवम्बर। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के मार्गदर्शन में जीतो भीलवाड़ा लेडीज़ विंग द्वारा जीतो सेंटर फ़ॉर एक्सीलेंस के अंतर्गत शनिवार को राजेंद्र मार्ग स्थित आईमैड इंस्टीट्यूट में “डिजी नारी – डिजिटल सशक्तिकरण कार्यशाला” का आयोजन किया गया।
जीतो लेडीज विंग की चीफ़ सेक्रेटरी निकिता पाटोदी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य उन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना था, जिन्हें मोबाइल फ़ोन, व्हाट्सऐप और ऑनलाइन भुगतान जैसे रोज़मर्रा के कामों के लिए बार-बार दूसरों से मदद लेनी पड़ती है। कार्यक्रम में हेड बोर्ड से वाइस चेयरपर्सन मोनिका रांका, चीफ़ सेक्रेटरी निकिता पाटोदी, जॉइंट सेक्रेटरी रितिका पाटनी एवं ट्रेज़रर सोनल छाबड़ा उपस्थित रहीं।
कार्यशाला का संचालन आईमैड (इंस्टीट्यूट ऑफ़ मल्टीमीडिया एनिमेशन डिज़ाइनिंग) की इंजी. रचना मेहता ने किया। सत्र छह चरणों में पूरी तरह अभ्यास आधारित रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल फ़ोन पर 21 कार्य स्वयं करके सीखे। कार्यशाला में 53 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने व्हाट्सऐप पर चैट और मैसेज पिन करना, ग्रुप आर्काइव व म्यूट करना, ज़रूरी मैसेज स्टार करना, पोल बनाना, लाइव लोकेशन भेजना और हिंदी में बोलकर लिखना सीखा। ऑनलाइन फ़ॉर्म भरना और क्यूआर कोड से सुरक्षित भुगतान का अभ्यास कराया गया, साथ ही यह सुनहरा नियम भी समझाया गया कि पैसे लेने के लिए कभी पिन नहीं डाला जाता।
ऑनलाइन सुरक्षा सत्र में ओटीपी साझा न करने, केवाईसी व लॉटरी वाले नकली संदेशों, “डिजिटल अरेस्ट” जैसी धोखाधड़ी और रिश्तेदारों की आवाज़ में पैसे माँगने वाले कॉल से सावधान रहने की जानकारी दी गई। सभी ने अपने व्हाट्सऐप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू किया तथा अनजान कॉल और ग्रुप से बचाव की सेटिंग की। धोखा होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा मेटा एआई से संदेश लिखवाना, चैट जीपीटी से दीपावली की रंगोली का चित्र बनाना, कैनवा से शुभकामना कार्ड तैयार करना और गूगल में बोलकर खोजना भी सिखाया गया।
कार्यशाला की विशेषता रही कि हर प्रतिभागी को एक जोड़ीदार के साथ अभ्यास कराया गया और सहायकों ने हर कदम पर मदद की। सभी को घर ले जाने के लिए नोट्स शीट और टास्क शीट भी दी गई।
कार्यशाला में जीतो लेडीज विंग की पूर्व सेक्रेटरी अर्चना पाटोदी, मनीषा खजांची, विमला लुहाड़िया, डिजी नारी संयोजिका प्रियंका पाटनी, पीआर एवं सोशल मीडिया संयोजिका जिम्मी जैन, संपत देवी रांका, शोभा देवी जैन, संतोष सांखलेचा, मंजू तोडरवाल, विमला रांका, उर्मिला अजमेरा, सुलेखा सिसोदिया एवं हेमलता खेराड़ा सहित अनेक महिलाएँ उपस्थित रहीं। अंत में प्रशिक्षक इंजी. रचना मेहता एवं आईमैड इंस्टीट्यूट का आभार व्यक्त किया गया।
Author: shiningmarwar
Super




